उत्तराखंड क्षेत्र के ग्राम करनपुर स्थित सरस्वती शिशु एवं विद्या मंदिर में सूर्या फाउंडेशन द्वारा आयोजित 10 दिवसीय ग्रामीण व्यक्तित्व विकास शिविर का सफल समापन हुआ। शिविर का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ उनकी छिपी प्रतिभाओं को निखारना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम प्रधान करणपुर श्री हरिओम सुधा, श्री परितोष मिश्रा (सूर्या रोशनी लिमिटेड, काशीपुर, उत्तराखंड), श्रीमती रेखा तिवारी, विद्यालय प्रधानाचार्य श्री देवकीनंदन, श्रीमती लक्ष्मी भंडारी (मंडल उपाध्यक्ष, भाजपा उत्तराखंड), क्षेत्र प्रमुख हिमांशु जी, स्वरोजगार प्रमुख भरत साह, कंप्यूटर शिक्षिका अमनदीप कौर, प्रिया, हेमा, संध्या कोहली सहित समस्त विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।
शिविर के दौरान बच्चों ने चित्रकला, मानचित्र निर्माण, आर्ट एंड क्राफ्ट, कबाड़ से जुगाड़, भाषण प्रतियोगिता, मिट्टी के खिलौने निर्माण, खेलकूद एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समापन समारोह में बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी अतिथियों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास को बढ़ावा देना था, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ समाज में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के भविष्य निर्माण में सहायक सिद्ध होते हैं। ग्राम प्रधान श्री हरिओम सुधा ने कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए सूर्या फाउंडेशन द्वारा गांव में संचालित गतिविधियों को सराहनीय बताया।


