October 30, 2026
IMG-20261030-WA0013.jpg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

रामनगर- तराई पश्चिम वन प्रभाग के फाटो टूरिस्ट जोन में जंगल सफारी के दौरान एक बाघ पेड़ पर चढ़ता दिखाई दिया। बाघ की इस अनोखी गतिविधि को देखकर पर्यटक हैरान रह गए। पर्यटकों ने इस नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया। अब पेड़ पर चढ़ते बाघ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, पर्यटक फाटो टूरिस्ट जोन में जंगल सफारी का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर एक बाघ पर पड़ी, जो पेड़ के तने पर चढ़ता दिखाई दिया। जंगल के बीच बाघ को इस तरह पेड़ पर चढ़ते देख पर्यटकों का रोमांच बढ़ गया। उन्होंने तुरंत अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाना शुरू कर दिया।
वीडियो में बाघ पेड़ के तने पर चढ़ने के बाद कुछ देर वहां रुकता और फिर धीरे-धीरे नीचे उतरता दिखाई दे रहा है। इसके बाद वह जंगल के भीतर घूमता नजर आता है। आमतौर पर जंगल सफारी के दौरान पर्यटकों को बाघ सड़क या जंगल की पगडंडियों के आसपास दिखाई देता है, लेकिन पेड़ पर चढ़ते बाघ का यह नजारा उनके लिए अलग अनुभव बन गया।
कॉर्बेट और आसपास के वन क्षेत्रों में बाघों की मौजूदगी पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहती है। फाटो टूरिस्ट जोन में सामने आए इस वीडियो ने एक बार फिर वन्यजीवों की गतिविधियों को लेकर लोगों की उत्सुकता बढ़ा दी है। हालांकि, बाघ के पेड़ पर चढ़ने के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *