November 1, 2026
IMG_COM_202610302217538200.jpeg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

रूद्रपुर 30 अक्टूबर, 2026 (सू0वि0)- शुक्रवार को मा0 प्रधानमंत्री जी द्वारा गुजरात के बनासकांठा, गुजरात से डी0बी0टी0 के माध्यम से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी की। इस अवसर पर जनपद में भी कार्यक्रम का लाइव प्रसारण विभिन्न न्याय पंचायतों, विकासखण्डों एवं जिला मुख्यालय स्थित विकास भवन में देखा गया।
मुख्य कृषि अधिकारी डाॅ0 वीकेएस यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अन्तर्गत जनपद में कुल 80,511 कृषक पंजीकृत हैं। योजना की 24वीं किस्त के रूप में जनपद के 73,837 पात्र कृषकों के बैंक खातों में कुल रू0 14 करोड़ 76 लाख 74 हजार की धनराशि जारी की गयी है।
उन्होने जनपद के समस्त लाभार्थी कृषकों से अपील है कि वे अपने बैंक खातों की जांच कर योजना के अन्तर्गत प्राप्त धनराशि की पुष्टि कर लें। यदि किसी पात्र कृषक के खाते में किस्त की धनराशि प्राप्त नहीं हुई है, तो वह अपने निकटतम कृषि विभाग के कार्यालय में सम्पर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त आगामी किस्तों का लाभ सुचारू रूप से प्राप्त करने हेतु समस्त कृषकों का फार्मर रजिस्ट्री में पंजीकरण कराया जाना आवश्यक है। उन्होने जनपद के सभी कृषकों से अपील की है कि वे अपनी फार्मर रजिस्ट्री शीघ्र पूर्ण करा लें।
उन्होने बताया कि वर्तमान में फार्मर रजिस्ट्री कार्य को गति प्रदान करने हेतु जनपद में विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अन्तर्गत कृषि, उद्यान, रेशम, मत्स्य, गन्ना, सहकारिता, पंचायतीराज तथा ग्राम्य विकास विभाग के ग्राम पंचायत स्तर के अधिकारी/कर्मचारी गाँव-गाँव जाकर कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री का कार्य कर रहे हैं। उन्होने कृषकों भाईयों से अनुरोध किया है कि वे सम्बन्धित कार्मिकों को आवश्यक अभिलेख एवं जानकारी उपलब्ध कराते हुए पंजीकरण कार्य में सहयोग प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *