November 1, 2026
IMG-20261101-WA0008.jpg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

काशीपुर। श्रीराम इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, काशीपुर के बृजेश मेमोरियल सभागार में एमबीए, बीबीए एवं बीकॉम ऑनर्स के द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं द्वारा नवप्रवेशित प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के स्वागत हेतु भव्य फ्रेशर्स वेलकम समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साह, उमंग और रचनात्मकता के साथ विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह को यादगार बना दिया।


कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के अध्यक्ष श्री रविन्द्र कुमार एवं निदेशक प्रो. (डॉ.) योगराज सिंह ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह के दौरान द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने अपने कनिष्ठ साथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों में रैम्प वॉक, नाटक, नृत्य एवं अन्य आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष श्री रविन्द्र कुमार ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का श्रीराम संस्थान परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय का जीवन केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण, आत्मविश्वास और जीवन के नए अनुभवों को सीखने का महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को अपने सपनों को लक्ष्य बनाकर पूरी लगन एवं मेहनत से आगे बढ़ने का संदेश दिया।
संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) योगराज सिंह ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि श्रीराम संस्थान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ उनके सर्वांगीण विकास के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रत्येक अवसर का लाभ उठाने, नई चुनौतियों को स्वीकार करने तथा अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखते हुए भविष्य की ओर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का वीडियो एवं फोटोग्राफी संकलन संस्थान के मैनेजर राहुल रावत एवं सहायक मैनेजर सचिन कुमार द्वारा किया गया। तथा कार्यक्रम का समन्वयन प्राध्यापिका डॉ. गुलनाज सिद्दीक़ी ने किया।
प्रतियोगिताओं के आधार पर निर्णायक मंडल के सदस्य सहायक प्राध्यापक भूपेंद्र, पंकज, शिवांगी एवं छवि ने विजेताओं का चयन किया। इसमें एमबीए वर्ग से सचिन को मिस्टर फ्रेशर तथा शुभनीत को मिस फ्रेशर के खिताब से सम्मानित किया गया। बीबीए वर्ग में मयंक ने मिस्टर फ्रेशर तथा तनिशी ने मिस फ्रेशर का खिताब अपने नाम किया। वहीं बीकॉम ऑनर्स वर्ग में पार्थ बाठला को मिस्टर फ्रेशर तथा गुरप्रीत को मिस फ्रेशर घोषित किया गया। विजेताओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
समारोह का मुख्य उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों को संस्थान के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक वातावरण से परिचित कराना, वरिष्ठ एवं कनिष्ठ विद्यार्थियों के बीच आपसी समन्वय एवं सौहार्द स्थापित करना तथा उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता और टीम भावना को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह एवं उल्लास देखने को मिला।
इस भव्य समारोह को सफल बनाने में प्रबंधन विभाग के समस्त प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष श्री रविन्द्र कुमार, निदेशक प्रो. (डॉ.) योगराज सिंह, समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *