श्रीराम संस्थान काशीपुर की ने पी.एन.जी. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामनगर में विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक भविष्य को नई दिशा देने के उद्देश्य से विशेष अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया। कार्यक्रम का आयोजन श्रीराम इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, काशीपुर की ओर से राहुल रावत, एरिया मैनेजर के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में श्रीराम इंस्टीट्यूट के कंप्यूटर साइंस विभाग के पंकज तिवारी ने भविष्य की तैयारीः “एआई आपका साथी है, रिप्लेसमेंट (प्रतिस्थापन) नही“ विषय पर विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते महत्व और शिक्षा, शोध एवं करियर में इसके प्रभावी उपयोग की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को तकनीक के साथ स्वयं को अपडेट रखने के लिए प्रेरित किया।
द्वितीय सत्र में श्रीराम इंस्टीट्यूट के वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. शोभित त्रिपाठी ने “योर फ्यूचर, योर वे“ विषय पर व्याख्यान देते हुए करियर के नए अवसरों, स्वरोजगार एवं भविष्य की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एम.सी. पांडेय ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में विद्यार्थियों के लिए तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक कौशल और सकारात्मक सोच विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी आधुनिक तकनीकें शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में नए अवसर प्रदान कर रही हैं। उन्होंने श्रीराम इंस्टीट्यूट की इस पहल की सराहना करते हुए अतिथि वक्ताओं का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में कॉलेज प्रबंधन एवं प्राध्यापकों ने श्रीराम इंस्टीट्यूट से आए सभी विशेषज्ञों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर बीए, बीएससी, एमए एवं एमएससी सहित विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने व्याख्यान को ज्ञानवर्धक एवं अपने भविष्य के लिए उपयोगी बताया।
