May 9, 2026
IMG_COM_202605091307364650.jpeg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

काशीपुर:चंपावत की दर्दनाक घटना के विरोध में भारतीय युवा कांग्रेस ने जिला अध्यक्ष सारिम सैफी के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने महाराणा प्रताप चौक पर भाजपा सरकार का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया तथा दोषियों को शीघ्र फांसी की सजा दिए जाने की मांग उठाई।
प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह भोजाक के निर्देशानुसार आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के दर्जनों कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि चंपावत की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है और प्रदेश में महिलाओं एवं बेटियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष सारिम सैफी ने कहा कि चंपावत की घटना ने देवभूमि उत्तराखंड की आत्मा को आहत किया है।
उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस इस मामले को लेकर चुप नहीं बैठेगी और जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक आंदोलन लगातार जारी रहेगा। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि मामले की त्वरित सुनवाई कर दोषियों को फांसी की सजा दी जाए तथा इस प्रकरण में संलिप्त प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर काशीपुर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अलका पाल, पूर्व महानगर अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन, राजू छीना, शाह आलम, साहिल रज़ा, अनीस अंसारी, मुहम्मद आरिफ सैफी, मुहम्मद हनीफ, वसीम राजा, लवदीप सिंह, मुहम्मद फैजान, हैदर अली चौधरी सहित युवा कांग्रेस एवं वरिष्ठ कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *