काशीपुर-टीला। सूर्या फाउंडेशन की आदर्श गांव योजना के अंतर्गत उत्तराखंड क्षेत्र के ग्राम टीला में पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जसपुर के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. योगेश शर्मा जी एवं उनकी पूरी टीम ने ग्रामीणों के पशुओं की जांच एवं उपचार किया।
शिविर में करीब 150 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकता के अनुसार पशुपालकों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। चिकित्सकों ने पशुपालकों को पशुओं की नियमित देखभाल, खान-पान, बीमारियों से बचाव एवं समय पर उपचार के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
इस दौरान ग्रामीणों को सरकारी पशुपालन योजनाओं एवं पशु बीमा योजना की जानकारी भी दी गई। टीम ने योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया और पशु बीमा के महत्व के बारे में पशुपालकों को जागरूक किया।
ग्रामीणों ने सूर्या फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के शिविरों से गांव में ही पशुओं के उपचार के साथ सरकारी योजनाओं की जानकारी भी मिल रही है।









