जसपुर:जसपुर विधानसभा क्षेत्र में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में आम आदमी पार्टी के जसपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक प्रत्याशी सरदार सूबा सिंह ने ग्राम भोगपुर मनोरथपुर-3 में जनसंपर्क अभियान चलाकर स्थानीय लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से आगामी विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को समर्थन देने और भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।जनसंपर्क के दौरान सूबा सिंह ने ग्रामीणों से क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर चर्चा की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने कांग्रेस और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की राजनीति में लंबे समय से दोनों दलों को जनता ने अवसर दिया है, लेकिन आज भी आम जनता से जुड़े कई मुद्दे समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि जनता बदलाव के लिए आगे आए और एक नए राजनीतिक विकल्प को मौका दे।

सूबा सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता के बुनियादी मुद्दों, विकास और जनहित की राजनीति को प्राथमिकता देती है। उनका प्रयास रहेगा कि जसपुर विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं को मजबूती से उठाया जाए और जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाए।उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को अभी से पूरी मजबूती के साथ जुटना होगा। उन्होंने स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आम आदमी पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा चुनाव में पार्टी को भारी मतों से जीत दिलाने का आह्वान किया।इस दौरान बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। ग्रामीणों ने सूबा सिंह के जनसंपर्क अभियान में भागीदारी करते हुए आम आदमी पार्टी के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।
