November 19, 2026
IMG_COM_202611171746005190.jpeg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

जसपुर:महुआडाबरा स्थित श्री साईं ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में आयोजित सात दिवसीय खेल प्रतियोगिताओं के अंतर्गत विभिन्न खेलों के फाइनल मुकाबले आयोजित किए गए। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत कबड्डी का फाइनल मुकाबला पॉलिटेक्निक विभाग और फार्मेसी विभाग की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें पॉलिटेक्निक विभाग की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। वहीं बैडमिंटन बॉयज फाइनल में बीए के कुनाल ने फार्मेसी विभाग के फहीम को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
बैडमिंटन गर्ल्स फाइनल में नर्सिंग विभाग की मुस्कान ने फार्मेसी विभाग की लवप्रीत कौर को हराकर जीत दर्ज की। इसके अलावा खो-खो के रोमांचक फाइनल मुकाबले में नर्सिंग विभाग की छात्राओं ने फार्मेसी विभाग की छात्राओं को शिकस्त देकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष राजकुमार सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से न केवल शारीरिक और मानसिक क्षमता का विकास होता है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता जैसे गुण भी विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भागीदारी भी विद्यार्थियों के जीवन में बेहद जरूरी है।
उन्होंने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि हार और जीत खेल का हिस्सा हैं, लेकिन प्रतियोगिताओं में पूरे उत्साह और मेहनत के साथ भाग लेना ही सबसे बड़ी उपलब्धि है। संस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी बेहतर अवसर और मंच प्रदान करना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा को निखारकर भविष्य में संस्थान और क्षेत्र का नाम रोशन कर सकें।संस्थान के  चेयरमेन राजकुमार सिंह ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी उत्साह और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *