भाजपा अल्पसंख्यक लाभार्थी सम्मेलन में गूंजा 2027 का चुनावी संदेश
जसपुर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक प्रत्याशी डॉ. यूनुस चौधरी के नेतृत्व में बुधवार को फैज-ए-आम इंटर कॉलेज में भाजपा अल्पसंख्यक लाभार्थी सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के उपाध्यक्ष विनय रुहेला ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए अल्पसंख्यक समाज से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। इस अवसर पर सरकारी सेवाओं में चयनित समाज के प्रतिभावान युवाओं को सम्मानित भी किया गया।
सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील, सरकारी सेवा में चयनित युवाओं का हुआ सम्मान

सम्मेलन के दौरान वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी संगठनात्मक चर्चा हुई। कार्यक्रम में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनीस गौड़, प्रभारी राकेश गिरी एवं भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल का कार्यक्रम आयोजक डॉ. यूनुस चौधरी और भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
मुख्य अतिथि विनय रुहेला ने अपने संबोधन में हज कोटा बढ़ाने, बाबरखेड़ा क्षेत्र के विकास, जसपुर में अल्पसंख्यक बालिकाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने तथा रेडियो स्टेशन की स्थापना जैसे कार्यों का उल्लेख करते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।

आयोजक डॉ. यूनुस चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकारें अल्पसंख्यक समाज के हित में लगातार कार्य कर रही हैं और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लोगों का जीवन स्तर बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष अनीस गौड़ एवं प्रभारी राकेश गिरी ने सम्मेलन में मौजूद लोगों से योजनाओं के लाभ की जानकारी ली तथा वर्ष 2027 में पुनः भाजपा सरकार बनाने का आह्वान किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल ने भी सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से उनका लाभ लेने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन शरीफ अहमद ने किया।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि तीरथ सिंह, नफीस सिद्दीकी, विनीत चौहान, फैजल, राजा, रईस अहमद, फखरुद्दीन, शमीम प्रधान, नईम प्रधान, उस्मान, शब्बू, सादिक अली, तौफिक अहमद, सरफराज, सारिम, जमीर अहमद, सुरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




