June 22, 2026
IMG-20260621-WA0024.jpg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो


अध्यक्ष श्री रविन्द्र कुमार का जन्मदिवस भी हर्षाेल्लास से मनाया गया

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर श्रीराम इंस्टीट्यूट के बहुउद्देशीय सभागार में भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष श्री रविन्द्र कुमार का जन्मदिवस भी बड़े उत्साह एवं हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ संस्थान के निदेशक डॉ. योगराज सिंह द्वारा योगाचार्यों को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर किया गया।


कार्यक्रम में मुख्य योगाचार्य श्री आर.सी. शर्मा, योग प्रशिक्षक एवं आयुर्वेदिक कंसलटेंट ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया तथा उनके शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य, एकाग्रता एवं सकारात्मक सोच के विकास हेतु ध्यान (मेडिटेशन) का भी अभ्यास कराया।
संस्थान के अध्यक्ष श्री रविन्द्र कुमार ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जिसने आज सम्पूर्ण विश्व में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि यह व्यक्ति के जीवन में अनुशासन, सकारात्मकता एवं आत्मविश्वास का संचार करता है।
संस्थान के निदेशक डॉ. योगराज सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि योग का वास्तविक अर्थ है ‘जोड़ना’। योग व्यक्ति को स्वयं से, समाज से तथा प्रकृति से जोड़ता है। यह प्रेम, करुणा, सहानुभूति, परोपकार एवं सेवा जैसे मानवीय मूल्यों का विकास करता है तथा व्यक्ति को निरोग एवं संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
संस्थान के प्राचार्य डॉ. एस.एस. कुशवाहा ने कहा कि विश्व के अधिकांश देश एवं लोग बेहतर स्वास्थ्य एवं स्वस्थ जीवनशैली के लिए योग को अपना रहे हैं। यह हम सभी के लिए गर्व का विषय है कि योग की उत्पत्ति भारत भूमि पर हुई है।
कार्यक्रम के दौरान संस्थान के समस्त शिक्षकगण, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक योगासनों एवं ध्यान सत्र में सहभागिता की तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य लाभ का अनुभव प्राप्त किया। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा नियमित योगाभ्यास का संकल्प लेने के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *