

काशीपुर:घर के बाहर वाहन खड़ा करने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत के मामले में कोतवाली आईटीआई पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, महुआखेड़ागंज निवासी अनीश पुत्र कासम अली ने कोतवाली आईटीआई में तहरीर देकर बताया कि 30 मई 2026 की रात करीब 11 बजे उनके घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान अली अकबर पुत्र सुबराती एवं अहमद रजा पुत्र साबिर हुसैन ने अपनी स्कॉर्पियो कार उनके घर के सामने खड़ी कर दी। जब उनसे वाहन अन्यत्र खड़ा करने का अनुरोध किया गया तो विवाद हो गया।
आरोप है कि इसके बाद विपक्षी पक्ष के लोग अपने अन्य परिजनों के साथ लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से लैस होकर मौके पर पहुंचे तथा शिकायतकर्ता और उसके परिजनों के साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान अफजल पुत्र महबूब अली के सिर में गंभीर चोट लग गई। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 31 मई को उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना में अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली आईटीआई में एफआईआर संख्या 150/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह राठौर द्वारा की जा रही है।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मंगलवार को दो नामजद आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।




