देहरादून। मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखण्ड के मैदानी क्षेत्रों में भीषण गर्मी और उष्ण लहर (हीट वेव) चलने की आशंका जताई गई है। लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए प्रशासन ने बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अहम फैसला लिया है।
जारी आदेश के अनुसार जनपद में संचालित सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों और प्री-नर्सरी कक्षाओं का संचालन 22 अप्रैल, 2026 से अगले एक सप्ताह तक प्रातः 7:30 बजे से 11:00 बजे तक किया जाएगा। वहीं कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों का समय प्रातः 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बढ़ती गर्मी के चलते निर्जलीकरण (डिहाइड्रेशन) सहित अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ गया है। खासतौर पर शिशुओं, विद्यार्थियों, गर्भवती और धात्री माताओं पर इसका अधिक प्रभाव पड़ सकता है, जिसके चलते यह निर्णय लिया गया है।
संबंधित विभागीय अधिकारियों, विद्यालय प्रबंधन समितियों और संस्थान प्रमुखों को निर्देश दिए गए हैं कि आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। आदेश की अवहेलना करने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।


