काशीपुर:बाजपुर रोड पर फ्लाईओवर बनने के बाद रेलवे क्रॉसिंग का फाटक बंद होने से काशीपुर की जनता पिछले कई वर्षों से भारी परेशानी का सामना कर रही है। बहुत प्रयासों के बाद अंडरपास स्वीकृत हुआ और उसका कार्य भी प्रारम्भ हुआ, लेकिन रेलवे एवं राजस्व विभाग के अभिलेखों और नक्शों में मिलान न होने के कारण पिछले लगभग दो वर्षों से निर्माण कार्य रुका हुआ है।
इस गंभीर जनसमस्या को लेकर काशीपुर डेवलपमेंट फोरम (KDF) ने महापौर श्री दीपक बाली जी एवं विधायक श्री त्रिलोक सिंह चीमा जी को ज्ञापन देकर सहयोग का अनुरोध किया। इस अभियान में काशीपुर के नागरिकों ने बड़ी संख्या में हस्ताक्षर कर अंडरपास की बाधा शीघ्र दूर करने की मांग का जोरदार समर्थन किया।
आज KDF द्वारा उप जिलाधिकारी, काशीपुर को भी ज्ञापन देकर समस्या के समाधान हेतु प्रशासनिक सहयोग मांगा गया।
उप जिलाधिकारी महोदय ने स्वीकार किया कि संबंधित क्षेत्र के रेलवे एवं राजस्व विभाग के नक्शों में अंतर है। रेलवे का नक्शा वर्ष 1947 से पूर्व ब्रिटिश काल का है और उसका वर्तमान राजस्व नक्शे एवं अभिलेखों में अमल-दरामद न होना एक तकनीकी बाधा है।
KDF के अनुरोध पर SDM महोदय ने आश्वासन दिया है कि शीघ्र ही सभी संबंधित विभागों की संयुक्त बैठक बुलाकर इस समस्या का व्यावहारिक एवं विधिसम्मत समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
यह काशीपुर की जनता की एक बड़ी और वर्षों पुरानी समस्या है। KDF इस विषय को समाधान तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत रहेगा।इस जन-अभियान को अपना समर्थन देने और बड़ी संख्या में हस्ताक्षर करने वाले सभी काशीपुरवासियों का हृदय से आभार।





