September 21, 2026

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के जसपुर स्थित कालू सैयद बाबा की दरगाह से सजदा कर वापस लौट रहे पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के जिला अमरोहा के श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली की जिला मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा कोतवाली क्षेत्र के गोपीवाला चौराहे पर सिलेंडर से भरे ट्रक से हुई टक्कर में 4 श्रद्धालुओं की मौत हो गई जबकि दर्जन भर से ज्यादा श्रद्धालु घायल हो गए आनन-फानन में घायल श्रद्धालुओं को काशीपुर में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर मुरादाबाद के डीएम काशीपुर में मुरादाबाद रोड स्थित निजी अस्पताल में घायलों का हाल जानने पहुंचे।

दरअसल पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के जिला अमरोहा के थाना के ग्राम डिडौली के दो दर्जन के करीब श्रद्धालु एकत्र होकर एक ट्रैक्टर ट्राली से उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के जसपुर में स्थित कालू सैयद बाबा की दरगाह पर तिजारत एवं सजदा करने आए थे। जहां से देर शाम वापस लौटते समय जिला मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा कोतवाली क्षेत्र के गोपीवाला के पास उस समय अफरातफरी मच गई जब इन श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली को एक तेज रफ्तार गैस सिलेंडरों से भरे कैंटर ने अनियंत्रित होकर जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टक्कर लगने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और काफी श्रद्धालु दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही भारी पुलिस फोर्स घटनास्थल पर पहुंचा और रेस्क्यू कर घायलों को आनन-फानन में पास ही के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें काशीपुर से मुरादाबाद रोड स्थित सहोता मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल लाया गया जहां यह एक और श्रद्धालु की मौत हो गई। दर्दनाक हादसे में
40 वर्षीय आरिफ, 70 वर्षीय आमना, 2 वर्षीय रेहान, और 49 वर्षीय छोटे की दर्दनाक मौत हो गयी। वहीं गैस के केंटर को हिरासत में लेकर पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर ट्राली में सवार सभी श्रद्धालु आपस में नातेदार और रिश्तेदार हैं। वही काशीपुर में मुरादाबाद रोड स्थित सहोता मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में घायलों का हालचाल जानने पहुंचे मुरादाबाद के डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश के जिला अमरोहा से यह श्रद्धालुओं धार्मिक कार्य से यहां आए थे। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली में कुल 21 लोग सवार थे, जिनमें से चार श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है जबकि 14 श्रद्धालु अभी घायल है, जिनका कि यहां इलाज चल रहा है। उनमें से कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं उन्होंने बताया कि प्रशासनिक टीम निजी अस्पताल के चिकित्सकों तथा घायलों के परिजनों के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए हैं तथा घायल श्रद्धालुओं की हर संभव मदद की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *