July 31, 2026
IMG-20260730-WA0052.jpg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

काशीपुर:हल्द्वानी में आगामी 8 अगस्त को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रस्तावित महारैली की तैयारियों को लेकर कांग्रेस के उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य गुरुवार को काशीपुर पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रैली को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की। बैठक के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज्य सरकार और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला।


यशपाल आर्य ने दावा किया कि प्रदेश में राजनीतिक माहौल तेजी से बदल रहा है और जनता भाजपा सरकार से मुक्ति चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल सरकार बनाना नहीं, बल्कि किसानों, युवाओं, महिलाओं, दलितों, शोषितों और कमजोर वर्गों को न्याय दिलाना तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करना है।


उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार भ्रष्टाचार रोकने में पूरी तरह विफल साबित हुई है और आम जनता की कहीं सुनवाई नहीं हो रही है।
युवाओं के मुद्दे पर बोलते हुए यशपाल आर्य ने कहा कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अपने अधिकारों की मांग को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन कर रहे युवाओं पर लाठीचार्ज किया गया और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी।उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस की 8 अगस्त की महारैली ऐतिहासिक होगी और इसमें प्रदेशभर से हजारों कार्यकर्ता व आमजन शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि उनका व्यक्तिगत कोई लक्ष्य नहीं है, बल्कि उनका उद्देश्य उत्तराखंड में जनता की सरकार स्थापित करना और कांग्रेस को सत्ता में लाना है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अनुपम शर्मा ने कहा कि हल्द्वानी में आगामी 8 अगस्त को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रस्तावित ऐतिहासिक जनसभा उत्तराखंड की राजनीति में परिवर्तन का शंखनाद साबित होगी।अनुपम शर्मा ने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक सभा नहीं, बल्कि उत्तराखंड के युवाओं, किसानों, महिलाओं, व्यापारियों, कर्मचारियों और आम जनता की आवाज़ बुलंद करने का मंच है। प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून व्यवस्था से परेशान है तथा बदलाव चाहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *