काशीपुर:कोतवाली काशीपुर पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय सिंह उर्फ शेरा (23 वर्ष) निवासी लालपुर, थाना टांडा बादली, जनपद रामपुर (उ.प्र.) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 16 जुलाई को अलग-अलग स्थानों से तीन मोटरसाइकिलें चोरी होने की शिकायत पर मुकदमे दर्ज किए गए थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर 17 जुलाई को मानपुर रोड स्थित नौगजा मजार के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाकर रखी गई तीनों चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गईं।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मीना रावत, उपनिरीक्षक गिरीश चंद्र, अपर उपनिरीक्षक प्रकाश सिंह बोरा एवं कांस्टेबल दर्शन सिंह शामिल रहे। पुलिस ने आमजन से वाहनों में हैंडल लॉक व अतिरिक्त सुरक्षा लॉक लगाने तथा सुरक्षित स्थान पर पार्किंग करने की अपील की है।





