काशीपुर। रामनगर से देहरादून के बीच प्रारंभ की गई नई रेल सेवा का आज काशीपुर रेलवे स्टेशन पर भव्य एवं उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। रामनगर से काशीपुर पहुंची ट्रेन का क्षेत्रीय विधायक त्रिलोक सिंह चीमा सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस नई रेल सेवा को क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह रेल सेवा कुमाऊं क्षेत्र और राजधानी देहरादून के बीच आवागमन को और अधिक सुगम बनाएगी तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इस अवसर पर भाजपा के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। रेलवे स्टेशन पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और लोगों ने नई रेल सेवा के संचालन पर खुशी जताई।
विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार उत्तराखंड में रेल संपर्क को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। नई रेल सेवा से क्षेत्र के व्यापार, पर्यटन और आम जनजीवन को लाभ मिलेगा तथा विकास को नई गति प्राप्त होगी।
नई रेल सेवा के शुभारंभ को वरिष्ठ समाजसेवी नीरज कांडपाल ने विकास और जनसुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए स्वागत किया है।





