काशीपुर:चंद्रावती तिवारी कन्या महाविद्यालय, काशीपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा हरेला पर्व के अवसर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया। इस दौरान स्वयंसेवियों एवं शिक्षकों ने परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. दीपिका आत्रेय ने सभी को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरेला उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व प्रकृति के प्रति सम्मान, हरियाली के संवर्धन तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करना आवश्यक है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. वंदना सिंह, डॉ. गीता मेहरा, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. रमा अरोरा, कु. सृष्टि सिंह, बी.एड. विभाग के समस्त शिक्षकगण एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण और पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया।





