August 8, 2026
IMG-20260617-WA0008.jpg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

रामनगर- नगर के मोहल्ला मोती महल क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक विशालकाय गोह (मॉनिटर लिजर्ड) दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। टावर के समीप गोह के दिखाई देते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई और भय के कारण कई बच्चे अपने घरों में जाकर छिप गए।
क्षेत्रवासियों ने इसकी सूचना वार्ड संख्या-6 के नगर पालिका सभासद पारस गोला को दी। सूचना मिलते ही सभासद मौके पर पहुंचे और तत्काल वन्यजीव एवं सर्प रेस्क्यू कार्य से जुड़े राजेश कश्यप को बुलाया। मौके पर पहुंचे राजेश कश्यप ने कड़ी मशक्कत के बाद गोह का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे पकड़ लिया।
सभासद पारस गोला ने बताया कि सोमवार शाम भी इसी गोह को पुरानी पटवारी चौकी के पास देखा गया था। उस समय काफी तलाश की गई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। मंगलवार दोपहर एक बार फिर मोती महल क्षेत्र में टावर के समीप उसके दिखाई देने से लोगों में दहशत फैल गई।
रेस्क्यू करने वाले राजेश कश्यप ने बताया कि गोह विषैला जीव नहीं होता, लेकिन उसके आकार और फुर्ती के कारण लोग डर जाते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को इससे दूर रहने की सलाह दी जाती है। रेस्क्यू के बाद गोह को सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
गोह के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद क्षेत्र के लोगों और बच्चों ने राहत की सांस ली तथा सभासद पारस गोला और रेस्क्यू टीम का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *