June 11, 2026
Screenshot_2026-06-11-20-09-12-02-1.jpg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

काशीपुर/चंपावत।ऊधमसिंहनगर जिले में नवसृजित गढ़ीनेगी नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी अभिषेक सुखीजा ने भाजपा प्रत्याशी सचिन बाठला को 94 मतों से पराजित कर‌ विजय पताका फहराई है। काशीपुर स्थित नवीन मंडी परिसर में निर्वाचन अधिकारी अभय प्रताप सिंह और सहायक निर्वाचन अधिकारी पंकज चंदोला की मौजूदगी में वृहस्पतिवार सुबह आठ बजे मतगणना आरंभ हुई। अध्यक्ष पद पर पांच प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे थे। निर्दलीय अभिषेक सुखीजा ने 2047 मत प्राप्त किए, जबकि भाजपा के सचिन को 1953 वोट मिले। इस तरह सुखीजा ने भाजपा प्रत्याशी सचिन बाठला को 94 मतों से पराजित किया। एडीएम पंकज उपाध्याय की मौजूदगी में निर्वाचन अधिकारी अभय प्रताप सिंह द्वारा विजयी प्रत्याशी को प्रमाण-पत्र दिया गया। उल्लेखनीय है कि अपने प्रत्याशी को जिताने के लिए भाजपाइयों ने एड़ी-चोटी का जोर लगाया था। उधर, चंपावत जिले में पहली बार हुए नगर पंचायत पाटी के चुनाव में भी बाजी निर्दलीय प्रत्याशी के साथ लगी। निर्दलीय प्रत्याशी नारायण लाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्धी भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी नवीन राम को 224 मतों से पराजित कर दिया। निर्दलीय नारायण लाल को 738 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी नवीन राम को 301 मत ही मिल पाए। 39 वोट अवैध पाए गए। 18 वोट नोटा के खाते में गए। 9 जून को हुए चुनाव में 2067 मतदाताओं में से 1612 ने मताधिकार का प्रयोग किया। निर्वाचन अधिकारी अजय सिंह ने चुनाव नतीजों का ऐलान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *