काशीपुर, 30 मई 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर द्वारा जनपद में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत काशीपुर पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 4.14 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशों तथा पुलिस अधीक्षक काशीपुर एवं क्षेत्राधिकारी काशीपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली काशीपुर द्वारा गठित पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु एवं वाहन चेकिंग अभियान के दौरान कार्रवाई की। चेकिंग के दौरान बांसफोड़ान स्थित कब्रिस्तान के शव विश्राम स्थल के पास से पुलिस ने एक व्यक्ति को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक प्लास्टिक के पारदर्शी डिब्बे में रखी 4.14 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शकील पुत्र शमसुद्दीन, निवासी मोहल्ला साबिक वार्ड संख्या-22, काशीपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर, उम्र लगभग 52 वर्ष के रूप में हुई है।
बरामद स्मैक एवं गिरफ्तारी के आधार पर कोतवाली काशीपुर में आरोपी के विरुद्ध एफआईआर संख्या 200/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के उपरांत आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।






