
काशीपुर। खोखराताल रोड स्थित सम्राट पृथ्वीराज चौहान ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में “भविष्य ज्योति 2026” अवॉर्ड सेरेमनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करना था।

समारोह में विभिन्न विद्यालयों के कक्षा 10वीं एवं 12वीं के मेधावी एवं टॉपर छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित विद्यार्थियों को मैडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समर्पित शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को भी सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जसपुर विधायक श्री आदेश चौहान एवं जिला मुख्य विकास अधिकारी श्री देवेश शासनी रहे। विशिष्ट अतिथियों में नैनी पेपर मिल के डायरेक्टर श्री पवन अग्रवाल, कपिला इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर श्री सुमित, तराई गोल्ड के प्रबंध निदेशक श्री विनीत रावल, डॉ. मनु महाजन, डॉ. त्रिभुवन अग्रवाल एवं डॉ. पुनीत सरना उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों एवं संस्थान के मैनेजिंग डायरेक्टर महेश सिंह चौहान, चेयरमैन गोपाल सिंह चौहान, सुरेश सिंह चौहान, निदेशक फार्मेसी डॉ कपिल कुमार, प्रिंसिपल डिग्री कॉलेज डॉ सीमा चौहान, प्रिंसिपल ऑफ़ नर्सिंग डॉ राजकुमार चौधरी द्वारा मां सरस्वती के समक्ष द्वीप प्रज्वलित कर किया गया।

मुख्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने छात्रों को निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। अतिथियों ने सम्मानित शिक्षकों की भूमिका की भी सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक ही राष्ट्र निर्माण के वास्तविक शिल्पकार हैं।

समारोह में बहुत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक, शिक्षकगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान संस्थान के छात्रों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया। इस अवसर पर छात्रों में हर्ष का माहौल रहा।






