काशीपुर। शहर में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और तापमान के 40 डिग्री के पार पहुंचने से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। तेज धूप और हीट वेव के चलते लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी को लेकर वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रजनीश शर्मा ने लोगों से सतर्क रहने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है।
डॉ. रजनीश शर्मा ने कहा कि लगातार बढ़ते तापमान के कारण डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, सिरदर्द, उल्टी, कमजोरी और हीट स्ट्रोक के मामले बढ़ रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को अधिक सावधानी बरतने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक तेज धूप में बाहर निकलने से बचें। यदि किसी जरूरी कार्य से बाहर जाना पड़े तो सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढकें और शरीर में पानी की कमी न होने दें। उन्होंने लोगों को दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, नींबू पानी, छाछ, नारियल पानी और फलों के जूस का सेवन करने की सलाह दी।
डॉ. शर्मा ने बताया कि गर्मी के मौसम में हल्का एवं पौष्टिक भोजन करना चाहिए तथा अधिक तला-भुना और मसालेदार भोजन से बचना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को दोपहर के समय धूप में खेलने से रोकने और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार, बेहोशी, सांस लेने में परेशानी या अत्यधिक कमजोरी महसूस हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। डॉ. रजनीश शर्मा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि हीट वेव को हल्के में न लें और मौसम के अनुसार अपनी दिनचर्या में आवश्यक बदलाव कर स्वास्थ्य का ध्यान रखें।






