April 19, 2026
IMG_COM_202604182144126420.jpeg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

काशीपुर:उत्तराखंड सरकार द्वारा 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति के दावों की पोल उस समय खुलती नजर आ रही है, जब जसपुर विधानसभा क्षेत्र के विद्युत उपखंड गंगापुर में ग्रामीणों को भीषण बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। विभागीय लापरवाही के चलते क्षेत्र में रोजाना 15 से 16 घंटे तक बिजली कटौती की जा रही है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो चुका है।
ग्रामीण इलाकों—इस्लामनगर, बसाई, हरियावाला, गंगापुर और सर्वारखेड़ा—में सुबह करीब 9:30 बजे बिजली आपूर्ति बाधित कर दी जाती है, जो शाम लगभग 6:30 बजे बहाल होती है। इसके बाद शाम लगभग 7 बजे फिर कटौती शुरू हो जाती है, जो रात करीब 10:30 बजे तक जारी रहती है। इस तरह दिन और रात मिलाकर उपभोक्ताओं को लंबे समय तक अंधेरे में रहना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती से बच्चों की पढ़ाई, और घरेलू गतिविधियां बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। वहीं, छोटे व्यापारी भी इस संकट से खासे परेशान हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन और विद्युत विभाग इस गंभीर समस्या को कब तक नजरअंदाज करता है, या फिर जनता को राहत दिलाने के लिए कोई ठोस कदम उठाए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *