February 7, 2026

भाजपा शासित उत्तराखंड सरकार के द्वारा वर्ष 2020-21 के लिए दिए गए राज्य स्त्री शक्ति तीलू रौतेली पुरस्कारों के लिए दिए गए नामों पर आज पूरे प्रदेश में महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सरिता आर्य के निर्देश पर विभिन्न स्थानों पर प्रेस कांफ्रेंस के ज़रिए विरोध जताया।

काशीपुर में आज महिला कांग्रेस अध्यक्ष उमा वात्सलय ने अपने आवास पर प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि इस वर्ष तीलू रौतेली पुरुस्कार के लिए नामित दर्जन भर से ज्यादा युवतियां / महिलाएं भाजपा की कार्यकर्ता और पदाधिकारी ही हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से तीलू रौतेली पुरस्कारों के लिए नामों का चयन हुआ है उसका विरोध हमारे द्वारा लगातार किया जा रहा है, क्योंकि यह जनविरोधी है और जनता की और खास तौर पर प्रदेश की महिलाओं की भावनाओं के विपरीत और उन्हें नजरअंदाज करके किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की काफी महिलाएं ऐसी हैं जो कि सामाजिक कार्यों के साथ-साथ अन्य विशिष्ट कार्यों में हमेशा तत्पर रहीं। उन्हें नजरअंदाज कर भारतीय जनता पार्टी समर्थित महिलाओं और युवतियों को इस पुरस्कार के लिए नामित किया गया है। इस तरह से हॉकी की प्रतिभावान खिलाड़ी वंदना कटारिया भी अपने आप को गौरवान्वित महसूस ना करके अपमानित महसूस करेंगी क्योंकि उनकी तुलना ऐसी महिलाओं और युवतियों से की जा रही है जो कि इस पुरस्कार के लिए कहीं से कहीं तक भी योग्य नहीं है। इस दौरान पीसीसी सचिव अलका पाल, गीता चौहान, अजिता शर्मा, पूजा आदि महिला कांग्रेस नेत्री उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *