March 24, 2026

देहरादून में आज आम आदमी पार्टी ने उत्तराखंड में कम से कम 300 यूनिट बिजली फ्री दिए जाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री आवास कूच किया। प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर, कर्नल अजय कोठियाल, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं राज्य आंदोलनकारी दीपक बाली, रविंद्र जुगरान समेत तमाम वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्त्ता दिलाराम चौक पर एकत्रित हुए जहां से रैली की शक्ल में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास कूच किया। जहां रास्ते मे पहले से मौजूद पुलिस ने हाथीबड़कला में बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक लिया, जहां कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच खूब नोकझोंक हुई।

इसके बाद कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक बाली ने कहा, कि इस प्रदेश में बीजेपी ने पिछले साढ़े चार साल में केवल लूट और भ्रष्टाचार किया है और अब मुफ्त बिजली के मुद्दे पर साफ हो गया है कि सरकार प्रदेश की जनता के साथ छल कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि फ्री बिजली देने की बात करने वाली बीजेपी सिर्फ चुनावी जुमला बोल रही है है। यदि उसे फ्री बिजली देनी ही है तो फिर दिल्ली की तरह दे क्योंकि वहां की सरकार तो बिजली खरीदकर फ्री में दे रही है जबकि उत्तराखंड तो खुद ऊर्जा प्रदेश है यहां 100 यूनिट फ्री बिजली केवल चुनावी जुमला है। उन्होंने कहा, हमें लगता है यह घोषणा चुनावों तक जुमले की तरह रहेगी और जनता को मूर्ख बनाने के लिए आम आदमी पार्टी की नीतियों से डरकर भाजपा सरकार बिजली फ्री देने का कोरा ड्रामा कर रही है। उन्होंने कहा ऊर्जा मंत्री घोषणा करते है कि 100 यूनिट बिजली फ्री देंगे, लेकिन 24 घंटे के अंदर सीएम कहते हैं किअभी कोई प्रस्ताव नहीं आया, जब आएगा तब देखेंगे । इस टालमटोल रवैये से ये साफ हो गया है कि बीजेपी आगामी चुनावों को देखते हुए केवल झूठ का सहारा ले रही है और हकीकत में वह उत्तराखंड की जनता को कुछ देना ही नहीं चाहती। पिछले 20 वर्षों का इतिहास इसका गवाह है ।

दीपक बाली ने आज गिरफ्तार होते समय पत्रकारों से कहा कि एक बार वे तब गिरफ्तार हुए थे जब राज्य निर्माण के लिए आंदोलन कर रहे थे मगर उस समय गर्व था कि हम प्रदेश के निर्माण के लिए गिरफ्तारी दे रहे हैं लेकिन आज गिरफ्तारी देते समय दर्द हो रहा है क्योंकि वह उत्तराखंड नहीं बना जैसा हम चाहते थे। आप के वरिष्ठ नेता कर्नल अजय कोठियाल ने कहा कि दिल्ली मॉडल की तर्ज पर उत्तराखंड में भी बिजली फ्री होनी चाहिए और यहां 300 यूनिट तक बिजली उपभोक्ताओं को मुफ्त मिलनी चाहिए। आप नेता रविंद्र जुगरान ने कहा, प्रदेश के पहले ऊर्जा मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत का मुफ्त बिजली को लेकर भ्रामक बयान देना जनता के साथ धोखा है, आज गिरफ्तारी देने वालों में कर्नल अजय कोठियाल, दीपक बाली, रविंदर जुगरान, मुकेश चावला, अभिताभ सक्सेना, मयंक शर्मा, डॉक्टर यूनुस चौधरी, अमित सक्सेना सहित आप पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *