
काशीपुर। खोखराताल रोड स्थित सम्राट पृथ्वीराज चौहान ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस में 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के मैनेजिंग डायरेक्टर महेश सिंह चौहान, चेयरमैन गोपाल सिंह चौहान, निदेशक फार्मेसी डॉ कपिल कुमार, प्रिंसिपल ऑफ़ नर्सिंग डॉ राजकुमार चौधरी, प्रिंसिपल डिग्री कॉलेज डॉ सीमा चौहान एवं प्रमोद परमार द्वारा ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान के साथ किया गया।

इस अवसर पर पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें देशभक्ति गीत, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। छात्रों ने अपने प्रदर्शन के माध्यम से देश के स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को याद करते हुए राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

संस्थान के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं चेयरमैन ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक जिम्मेदारियों का बोध कराता है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में संस्थान के सभी विभागों के प्राचार्य, शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन असिस्टेंट प्रोफेसर वसुधा नेगी द्वारा किया गया। अंत में राष्ट्र की प्रगति एवं समृद्धि की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
















