काशीपुर, 15 अगस्त 2026:द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल, काशीपुर में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, उत्साह और गौरव के साथ मनाया गया। समारोह का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। विद्यालय की चेयरपर्सन श्रीमती चपा कपूर, चेयरमैन डॉ. नीरज कपूर, डायरेक्टर डॉ. वसुंधरा कपूर, प्रधानाचार्या श्रीमती मीनल बधवार, उप-प्रधानाचार्या श्रीमती शुभांगी शर्मा, संयुक्त प्रबंध निदेशिका सुश्री कामाक्षी कपूर एवं शिक्षकगण की गरिमामयी उपस्थिति में तिरंगे को सलामी दी गई।
समारोह की शुरुआत हेड गर्ल के अंग्रेज़ी भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के महत्व और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। इसके बाद कक्षा 4 के विद्यार्थियों ने “ मिले सुर मेरा तुम्हारा” गीत प्रस्तुत कर राष्ट्रीय एकता और विविधता में एकता का संदेश दिया।
कक्षा 10 के छात्र मनुजेंद्र जोशी ने देशभक्ति कविता का भावपूर्ण पाठ किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने “आज़ादी की परेड” प्रस्तुत कर अनुशासन, आत्मविश्वास और देशभक्ति की भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
कक्षा 4 द्रोणाचार्य के विद्यार्थियों ने “मिट्टी के बेटे” गीत प्रस्तुत कर मातृभूमि के प्रति प्रेम और समर्पण की भावना को अभिव्यक्त किया। तत्पश्चात हेड बॉय के प्रभावशाली हिन्दी भाषण में स्वतंत्रता, एकता, कर्तव्य और उत्तरदायित्व का संदेश दिया गया।

इसके बाद कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों ने शानदार एवं मनमोहक देशभक्ति नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। उनकी ऊर्जावान प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को देशभक्ति की भावना से भर दिया और उपस्थित सभी दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
समारोह के समापन अवसर पर प्रधानाचार्या श्रीमती मीनल बधवार ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, सच्चाई, उत्तरदायित्व और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की प्रगति में अपना योगदान देने और स्वतंत्रता के मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
समूचा विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा रहा और “जय हिंद” के नारों से गूंज उठा। स्वतंत्रता दिवस समारोह ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, एकता, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।









