July 29, 2026
IMG-20260728-WA0021.jpg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

काशीपुर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझाई हत्या की गुत्थी, आरोपी गिरफ्तार; वारदात में प्रयुक्त खून से सना चाकू बरामद
काशीपुर। कोतवाली काशीपुर पुलिस ने चीमा चौराहा के पास रेलवे फाटक के समीप हुए हत्या के सनसनीखेज मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रक्तरंजित चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई 2026 की शाम को मोबाइल फोन के माध्यम से सूचना मिली कि चीमा चौराहा के समीप रेलवे फाटक के पास एक युवक ने गौरव कश्यप पर चाकू से हमला कर दिया है। घायल गौरव को उसका मित्र तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान गौरव कश्यप पुत्र स्वर्गीय सतीश कश्यप, निवासी ग्राम चतरपुर मेवला, थाना टांडा, जनपद रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम ने वैज्ञानिक तरीके से घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।
मृतक के मामा सुनील कश्यप की तहरीर पर आरोपी गुलहसन उर्फ गुल्लू उर्फ अबुला के विरुद्ध कोतवाली काशीपुर में एफआईआर संख्या 302/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने 27 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर आरोपी गुलहसन उर्फ गुल्लू उर्फ अबुला पुत्र इब्ने हसन (20 वर्ष) निवासी , काशीपुर को  गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रक्तरंजित चाकू भी बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले तीन-चार वर्षों से नशे का आदी है और स्मैक के साथ नशीले इंजेक्शन भी लेता है। मृतक गौरव भी नशे का आदी था। दोनों अक्सर रेलवे लाइन के आसपास सुनसान स्थानों पर बैठकर नशा किया करते थे। घटना वाले दिन पुरानी रंजिश को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपनी कमर में रखा चाकू निकालकर गौरव के सीने में वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त एक रक्तरंजित चाकू बरामद कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *