July 29, 2026
IMG_COM_202607281621068940.jpeg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो


काशीपुर, 28 जुलाई। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आगामी 8 अगस्त को प्रस्तावित हल्द्वानी दौरे की तैयारियों को लेकर काशीपुर में कांग्रेस संगठन ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को मानपुर रोड स्थित प्रकाश रेजिडेंसी में प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें पार्टी नेताओं ने दौरे की तैयारियों और संगठनात्मक रणनीति की जानकारी साझा की।
प्रेस वार्ता को महानगर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती अलका पाल, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के सदस्य एवं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अनुपम शर्मा तथा पूर्व महानगर अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन ने संबोधित किया।
इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता अनुपम शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का हल्द्वानी दौरा आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उत्तराखंड कांग्रेस के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में कुमाऊं मंडल सहित प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं आमजन भाग लेंगे।अनुपम शर्मा ने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों—महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक, एवं किसान, छात्रों से जुड़े मुद्दों, समस्याओं और विकास के सवालों—को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में हल्द्वानी पहुंचकर राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करने और कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।
प्रेस वार्ता में नेताओं ने बताया कि काशीपुर महानगर कांग्रेस कार्यक्रम की तैयारियों में पूरी सक्रियता से जुटी हुई है और कार्यकर्ताओं को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 8 अगस्त का कार्यक्रम कांग्रेस की एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती का संदेश देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *