July 25, 2026
IMG_COM_202607242057008620.jpeg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

काशीपुर:विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास एवं जीवन कौशल को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से दि गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल, जैतपुर मार्ग, काशीपुर में एमिटी फिनिशिंग स्कूल, दिल्ली के सहयोग से व्यक्तित्व विकास सत्र का सफल आयोजन किया गया। सत्र का संचालन एमिटी फिनिशिंग स्कूल की प्रशिक्षिकाओं रोशी कपूर जी एवं सरीना भारद्वाज जी द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए उनकी आयु एवं आवश्यकताओं के अनुरूप अलग-अलग विषयों पर प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कक्षा 6 एवं 7 के विद्यार्थियों को शिष्टाचार, व्यक्तित्व संवर्धन एवं अवसरानुकूल वेशभूषा के विषय में प्रशिक्षित किया गया। तीन बैचों में आयोजित इस सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में शिष्ट व्यवहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, सुसज्जित व्यक्तित्व तथा प्रत्येक अवसर के अनुरूप वेशभूषा के महत्व से परिचित कराया गया।

कक्षा 8 एवं 9 के विद्यार्थियों के लिए पृथक-पृथक सत्रों में शारीरिक हाव-भाव एवं प्रभावी संवाद कौशल विषय पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को आत्मविश्वासपूर्ण अभिव्यक्ति, सकारात्मक शारीरिक भाषा, प्रभावी संप्रेषण तथा व्यवहार कुशलता के महत्व को गतिविधियों एवं प्रेरक उदाहरणों के माध्यम से सहज एवं रोचक ढंग से समझाया।

कक्षा 11 के विद्यार्थियों के लिए समय प्रबंधन एवं समय के प्रभावी सदुपयोग विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को समय के सुनियोजित उपयोग, कार्यों की प्राथमिकता निर्धारित करने तथा लक्ष्य प्राप्ति के लिए अनुशासित एवं प्रभावी समय प्रबंधन की उपयोगी तकनीकों से अवगत कराया गया।

सत्रों को अधिक रोचक एवं सहभागितापूर्ण बनाने के लिए संवादात्मक गतिविधियों,व्यावहारिक उदाहरणों तथा प्रेरक अभ्यासों का समावेश किया गया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, जिज्ञासा एवं सक्रिय सहभागिता के साथ प्रशिक्षण में भाग लिया, जिससे सीखने की प्रक्रिया और अधिक प्रभावी एवं आनंददायक बन गई।

यह व्यक्तित्व विकास सत्र विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक, ज्ञानवर्धक एवं जीवनोपयोगी सिद्ध हुआ। विद्यालय परिवार एमिटी फिनिशिंग स्कूल, दिल्ली की प्रशिक्षिकाओं रोशी कपूर जी एवं सरीना भारद्वाज जी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करता है, जिन्होंने अपने अनुभव, मार्गदर्शन एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्व से विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, अनुशासन एवं उत्कृष्ट व्यक्तित्व निर्माण की दिशा में प्रेरित किया।

इस अवसर पर विद्यालय की चेयरपर्सन श्रीमती चंपा कपूर जी, चेयरमैन डॉ. नीरज कपूर जी, डायरेक्टर डॉ. वसुधा कपूर जी, प्रधानाचार्या श्रीमती मीनल बधवार जी, संयुक्त प्रबंध निर्देशिका सुश्री कामाक्षी कपूर जी, उप-प्रधानाचार्या श्रीमती शुभांगी शर्मा जी तथा समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे एवं कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *