काशीपुर। विधानसभा क्षेत्र काशीपुर के विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने अपने कार्यालय में क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से आए नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी अपनी व्यक्तिगत तथा सार्वजनिक समस्याओं को लेकर विधायक कार्यालय पहुंचे और अपने मुद्दे विधायक के समक्ष रखे।
जनसुनवाई के दौरान विधायक श्री चीमा ने प्रत्येक समस्या का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता की तथा जनहित से जुड़े मामलों के शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के मंत्र तथा मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार जनसेवा, पारदर्शी प्रशासन और सुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इसी भावना के अनुरूप विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक की समस्या का त्वरित समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है।
विधायक श्री चीमा ने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। विधानसभा क्षेत्र के विकास, जनकल्याण एवं प्रत्येक नागरिक की सेवा के लिए वे सदैव प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि विधायक कार्यालय आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर खुला है तथा भविष्य में भी जनसुनवाई का यह क्रम लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे और विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।





