काशीपुर: ग्राम सर्वखेड़ा के खान का रोड स्थित पट्टों वाले क्षेत्र में पिछले 36 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी के बीच बिजली न होने से लोगों का जनजीवन प्रभावित रहा। लंबे इंतजार के बाद जब बिजली आपूर्ति बहाल हुई तो ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार गांव में बिजली गुल रहने का मुख्य कारण ट्रांसफार्मर का फुंक जाना बताया गया।ट्रांसफार्मर खराब होने से पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई थी। स्थानीय प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने कई बार विद्युत विभाग से संपर्क कर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की थी।
विद्युत विभाग की टीम द्वारा ट्रांसफार्मर को बदलने और आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा करने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल की गई। बिजली आने पर ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए कहा कि 36 घंटे तक अंधेरे और गर्मी से जूझने के बाद अब उन्हें राहत मिली है।ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से भविष्य में ऐसी समस्याओं के त्वरित समाधान की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि लोगों को लंबे समय तक बिजली संकट का सामना न करना पड़े।






