June 17, 2026
IMG-20260617-WA0016.jpg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

रामनगर- रामनगर वन प्रभाग की कोटा रेंज अंतर्गत ग्राम चोपड़ा में मंगलवार दोपहर बाघ के हमले से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। घायल महिला को उपचार के लिए रामनगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि ग्रामीणों ने वन विभाग से बाघ को जल्द पकड़ने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम चोपड़ा निवासी भुवन चंद्र की 40 वर्षीय पत्नी उमा उर्फ रमा देवी गांव की गंगा देवी और गीता देवी के साथ घर से कुछ दूरी पर जंगल क्षेत्र में पानी लेने गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे बाघ ने रमा देवी पर अचानक हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गईं।
साथ मौजूद महिलाओं के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हल्ला किया, जिसके बाद बाघ रमा देवी को लहूलुहान अवस्था में छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। बताया गया कि बाघ ने गंगा देवी पर भी पीछे से हमला करने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों की सक्रियता से बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही रामनगर वन प्रभाग के एसडीओ अंकित बडोला और कोटा रेंज के रेंजर संजीव कुमार वन विभाग की टीम के साथ सरकारी अस्पताल पहुंचे और घायल महिला का हालचाल जाना। रेंजर संजीव कुमार ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में वन कर्मियों की गश्त बढ़ा दी गई है। बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कैमरा ट्रैप लगाए जा रहे हैं तथा पिंजरा लगाने की अनुमति उच्च अधिकारियों से मांगी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *