काशीपुर। चौहान सभा भवन में गुरुवार को चौहान समाज के वरिष्ठजनों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 7 जून 2026, रविवार सायं 5 बजे आयोजित होने वाली वीर शिरोमणि सम्राट पृथ्वीराज चौहान जयंती समारोह को भव्य एवं हर्षोल्लास के साथ मनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि समारोह के दौरान समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं, खेल एवं अन्य प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं, जेईई मेन्स में सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तथा बिजनेस स्टार्टअप शुरू करने वाले प्रतिभाशाली युवाओं को सम्मानित किया जाएगा।इसके साथ ही समाज के उन वरिष्ठजनों का भी सम्मान किया जाएगा जिन्होंने 80 वर्ष से अधिक आयु पूर्ण कर ली है। कार्यक्रम में समाज सेवा, सामाजिक कार्य, स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जसपुर विधायक आदेश सिंह चौहान, दर्जा राज्य मंत्री सुश्री सीमा चौहान, डॉ. एन.पी. सिंह, देवेंद्र सिंह कठेरिया सहित कई गणमान्य अतिथियों के शामिल होने की संभावना है।बैठक में समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई।






