काशीपुर, 30 मई। जनपद ऊधम सिंह नगर में अपराध एवं अवैध हथियारों के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत काशीपुर पुलिस ने एक आरोपी को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक काशीपुर एवं पुलिस उपाधीक्षक काशीपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली काशीपुर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 29 मई 2026 को उपनिरीक्षक हेमचंद्र तिवारी, उपनिरीक्षक गणेश पांडे एवं कांस्टेबल महेश राम संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं वस्तुओं की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान अलीगंज फेसियापुरा क्षेत्र में सरकारी स्कूल के पास रेलवे पटरी के निकट एक युवक को संदिग्ध अवस्था में रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर तथा एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रमेश सैनी पुत्र रामलाल सैनी, निवासी ग्राम बांसखेड़ी, थाना आईटीआई, जनपद ऊधम सिंह नगर, उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है।
बरामदगी के आधार पर कोतवाली काशीपुर में आरोपी के विरुद्ध एफआईआर संख्या 199/2026 के तहत धारा 3/25(1-B)(a) आयुध अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।






