May 24, 2026
IMG-20260523-WA0009.jpg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

काशीपुर में साहित्य प्रेमियों और लेखकों के लिए पहली बार एक विशेष आयोजन होने जा रहा है। “साहित्य आराधना मंच, काशीपुर” द्वारा आगामी 30 मई 2026 को “साहित्य कुंभ एवं पुस्तक मेला 2026” का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम स्थानीय साहित्यकारों, युवा लेखकों और पाठकों को एक मंच पर लाने का प्रयास होगा। कार्यक्रम की विशेषता यह है कि इसमें शहर के 40 साहित्यकारों को सम्मानित किया जायेगा।

मुख्य संयोजक डॉ रजनीश कुमार शर्मा ने बताया कि यह आयोजन शगुन गार्डन, काशीपुर में शनिवार शाम 6 बजे से प्रारंभ होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य काशीपुर के साहित्यकारों को व्यापक पहचान दिलाना, स्थानीय लेखकों का उत्साहवर्धन करना तथा पाठकों और रचनाकारों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है।

कार्यक्रम में पुस्तक प्रदर्शनी एवं बिक्री, साहित्यकार सम्मान समारोह, साहित्यिक गोष्ठी एवं काव्य पाठ, युवा लेखकों के लिए प्रेरक सत्र और साहित्यिक संगम जैसी अनेक आकर्षक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।

कार्यक्रम के मुख्य संयोजकों में डॉ. रजनीश कुमार शर्मा, विनोद भगत अग्रस, सुरेश कुमार शर्मा और सुनील कोठारी शामिल हैं।

आयोजकों ने शहर के साहित्य प्रेमियों, कवियों, लेखकों और पाठकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *