April 30, 2026
IMG-20260429-WA0114-1024x768.jpg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

काशीपुर। महुआखेड़ा गंज में कार्यरत औद्योगिक इकाईयों के समक्ष आ रही विभिन्न समस्याओं पर चर्चा एवं उनके निराकरण हेतु कुमायूँ गढ़वाल चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री (केजीसीसीआई) की एक बैठक नगर निगम महापौर दीपक बाली की अध्यक्षता में मैसर्स एपैक्स इण्टरनेशनल, नन्द नगर औद्योगिक आस्थान, फेज-1, महुआखेड़ा गंज, काशीपुर के सभागार में आयोजित की गई, जिसमें केजीसीसीआई अध्यक्ष पवन अग्रवाल द्वारा अवगत कराया गया कि महुआखेड़ा गंज के औद्योगिक आस्थानों में सड़कों की स्थिति अत्यन्त दयनीय होने के कारण बरसात के दिनों में बरसात का पूरा पानी सड़कों पर ही इकट्ठा हो जाता है जिससे उद्योगों में उत्पादन की प्रक्रिया बुरी तरीके से प्रभावित हो जाती है। उन्होंने आगे बताया कि महुआखेड़ा गंज में विकसित औद्योगिक आस्थानों में स्ट्रीट लाईटों की व्यवस्था न होने के कारण उद्योगों में कार्यरत श्रमिकों को रात्रि आवागमन में अत्यधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। अन्धेरे में सड़कों के गड्ढों में दोपहिया वाहनों एवं पैदल कर्मचारियों के एक्सीडेंट की संभावनाएं बनी रहती हैं। केजीसीसीआई के महुआखेड़ागंज के जोनल चेयरमैन गौरव जैन द्वारा बताया कि इन दिनों महुआखेड़ा गंज के उद्योगों में बहुत अधिक पावर रोस्टिंग हो रही है जिससे उद्योगों को अत्यधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

केजीसीसीआई अध्यक्ष पवन अग्रवाल ने बताया कि पावर रोस्टिंग के अतिरिक्त उद्योगों को लो वोल्टेज की भी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। पावर कट, शट डाउन, लो वोल्टेज, ट्रिपिंग इत्यादि समस्याओं के कारण उद्योगों में लगे हुए महंगे संवेदनशील उपकरण बहुत जल्दी खराब हो जाते हैं जिनके बदलने में उद्योगों को अत्यधिक आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है, वहीं दूसरी ओर उद्योगों में उत्पादन भी पूरी क्षमता के साथ नहीं हो पाता है। बैठक में उपस्थित उद्यमी सदस्यों द्वारा शाम को उद्योगों में शिफ्ट चेंज होने के समय 5 बजे से 7.30 बजे तक तेज स्पीड से अत्यधिक संख्या में चलने वाले डंपरों की आवाजाही पर भी पाबंदी लगाने की मांग की गयी, क्योंकि तेज स्पीड से चलने वाले डंपरों से शिफ्ट चेंज होने के समय श्रमिकों के साथ दुर्घटना का खतरा बना रहता है। बैठक में उपस्थित सदस्यों द्वारा यह भी माँग की गयी कि महुआखेड़ा गंज क्षेत्र में शाम के समय शराबी एवं असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है जो उद्योगों में कार्यरत कर्मचारियों से उनके आवागमन के समय दुर्व्यवहार भी करते हैं। इसके साथ ही उनके द्वारा श्रमिकों के साथ मारपीट एवं लूटपाट की भी संभावना बनी रहती है। उन्होंने उद्योगों में कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा हेतु औद्योगिक क्षेत्रों में रात्रि में पुलिस गश्त लगाए जाने की माँग की।केजीसीसीआई अध्यक्ष पवन अग्रवाल द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि उद्योगों या क्षेत्र में किसी कारणवश आग लगने पर काशीपुर से फायर टेंडरों के पहुंचने में अधिक समय लगने के कारण आग पर नियन्त्रण करना मुश्किल हो जाता है, लिहाजा महुआखेड़ागंज क्षेत्र में एक फायर सर्विस स्टेशन की स्थापना करायी जानी चाहिए।
महापौर दीपक बाली द्वारा अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, काशीपुर को महुआखेड़ागंज स्थित औद्योगिक आस्थानों में बनने वाली सड़कों एवं पानी की समुचित निकासी हेतु नालियों के निर्माण में आने वाले खर्च का एस्टीमेट बना कर देने को कहा। उन्होंने बैठक में उपस्थित उद्यमियों को आश्वासन दिया कि वे उक्त सड़कों, नालियों के निर्माण एवं स्ट्रीट लाईटें लगाए जाने हेतु शासन स्तर पर यथाशीघ्र धन आवंटित कराने हेतु पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने उपरोक्त समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु सम्बन्धित विभागों के शीर्ष अधिकारियों से फोन पर मौके पर ही वार्ता की तथा सकारात्मक परिणाम से बैठक में उपस्थित उद्यमियों को अवगत कराया तथा बैठक में उपस्थित अधिकारियों को अपने स्तर से समस्याओं का यथाशीघ्र निराकरण कराए जाने हेतु निर्देशित किया गया।
बैठक में विवेक सक्सेना, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग काशीपुर, परवेज आलम, एई, लोक निर्माण विभाग काशीपुर, सतीश कुमार अधिशासी अधिकारी नगरपालिका परिषद महुआखेड़ा गंज, सुश्री महक मिश्रा एसडीओ, यूपीसीएल काशीपुर, अनिल कुमार जेई, यूपीसीएल, महुआखेड़ा गंज, केजीसीसीआई के महासचिव नितिन अग्रवाल, सौरभ जैन, सत्यम अग्रवाल, पुनीत सिंघल, गौरव जैन, आशीष सक्सेना, मंदीप सिंह, दीपक कुमार आर्या, विक्रम अधिकारी, सचिन कुमार, मुकेश रॉय गौड़, शुभम मौर्या, कमलेश सिंह, राशिद हुसैन व पीयूष चौहान आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *