April 27, 2026
IMG_COM_202604271349077360.jpeg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

काशीपुर में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 का शुभारंभ
काशीपुर। बाजपुर रोड स्थित भाजपा कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी द्वारा “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026” के अंतर्गत एक भव्य प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों से प्रेरित इस अभियान के तहत प्रदेश स्तर के संगठन पदाधिकारियों ने काशीपुर में एकत्र होकर आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के लिए पूरी ताकत के साथ उतरने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे संगठन पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर के नेताओं की उपस्थिति में संगठनात्मक ढांचे को और अधिक मजबूत बनाने, बूथ स्तर तक पार्टी की पकड़ सुदृढ़ करने तथा जनसंपर्क को प्रभावी बनाने पर विस्तार से मंथन किया गया।
कार्यक्रम की सह-संयोजक नेहा जोशी ने बताया कि इस प्रशिक्षण अभियान का उद्देश्य संगठन को मजबूती प्रदान करने के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीतियों को धरातल पर उतारना है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर उन्हें अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाया जाएगा।
वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मीडिया से बातचीत में कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल भाजपा के राष्ट्रीय सचिव जगदीप धनगढ़ ने कहा कि पूरे देश में संगठनात्मक प्रशिक्षण का महाअभियान चलाया जा रहा है और उसी क्रम में काशीपुर में आयोजित यह शिविर अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाया जा सकेगा।

इस दौरान भाजपा नेता राम मेहरोत्रा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा 2027 विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने अभी से ही चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने दावा कियान कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की रणनीति के बल पर भाजपा एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं को वैचारिक अधिष्ठान, संगठनात्मक मजबूती और जनसेवा से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सुदृढ़ करना, पार्टी की विचारधारा से जोड़ना तथा उनमें नेतृत्व क्षमता का विकास करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *