काशीपुर। समाजसेवा और शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय श्रीमती उर्वशी बाली एक बार फिर अपनी प्रेरणादायक पहल को लेकर चर्चा में हैं। उनके संरक्षण में संचालित नेताजी सुभाष चंद्र बोस छात्रावास के विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु “यंग लीडरशिप कार्यक्रम” का सफल आयोजन द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल, काशीपुर में किया गया, जिसमें लगभग 40 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।यह विशेष कार्यक्रम यश फाउंडेशन, यूनिवर्सिटी ऑफ ऑक्सफोर्ड और द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल के संयुक्त सहयोग से संचालित किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सेवा भावना का विकास करना रहा।

कार्यक्रम में सर्वप्रथम श्रीमती उर्वशी बाली ने द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि,
“द गुरुकुल फाउंडेशन द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं। इस प्रकार के कार्यक्रम न केवल बच्चों की प्रतिभा को निखारते हैं, बल्कि उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए सही दिशा और आत्मविश्वास भी प्रदान करते हैं। मैं विद्यालय प्रबंधन एवं पूरी टीम का हृदय से धन्यवाद करती हूँ, जिन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस छात्रावास के बच्चों को सीखने, समझने और अपने भीतर छिपी क्षमताओं को पहचानने का यह उत्कृष्ट अवसर प्रदान किया। ऐसे प्रयास निश्चित रूप से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखेंगे।”

उन्होंने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने, कड़ी मेहनत करने और नैतिक मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन और समर्पण के साथ हर विद्यार्थी अपने सपनों को साकार कर सकता है।


