काशीपुर : अघोषित विद्युत कटौती पर महानगर कांग्रेस की जिला अध्यक्ष अलका पाल ने बिजली विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर शीघ्र ही अघोषित विद्युत कटौती बंद नहीं की गई तो कांग्रेस बिजली विभाग के खिलाफ आंदोलन छोड़ देगी। महानगर जिला अध्यक्ष अलका पाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि कई क्षेत्रों में रात भर बिजली गुल रहने त्राहित्राहि मची है । बिना पूर्व सूचना के अघोषित विद्युत कटौती से जहां आम जीवन प्रभावित हो रहा है, वहीं बच्चों की पढ़ाई, पानी की आपूर्ति एवं खेती किसानी भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत कटौती की मार से जनता त्रस्त है। एक और गेहूं की कटाई होने के कारण सुबह से शाम तक विद्युत कटौती हो रही है, वहीं कुछ क्षेत्रों में सुबह 10 से रात 12:00 बजे तक की कटौती हो रही है। बिजली विभाग ना तो इस विषय में आम जनता को अपना कोई शेड्यूल बताता है ना ही कोई पूर्व सूचना दी जाती है, जो कि गलत है। महानगर कांग्रेस जिला अध्यक्ष अलका पाल ने कहा कि कई क्षेत्रों में जर्जर विद्युत तारों के कारण लंबी कटौती हो रही है। विद्युत विभाग को गर्मी के सीजन से पूर्व ही सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद करनी चाहिए थी । अघोषित विद्युत कटौती से किसान और आम जनमानस पूरी तरह प्रभावित है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर शीघ्र ही विद्युत विभाग ने अघोषित विद्युत कटौती पर प्रतिबंध न लगाया तो महानगर कांग्रेस कमेटी विद्युत विभाग के कार्यालय पर बड़ा आंदोलन करेगी।


