ख़बर प्रवाह (NEWS FLOW) 10 जुलाई, 2025
ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में आज सूर्या रोशनी प्रा० लि० फैक्ट्री में हाइड्रोजन गैस सिलेंडर फटने से एक श्रमिक की मृत्यु हो गई व दर्जनभर के करीब श्रमिक घायल हो गए। घायल श्रमिको को नगर के आयुष्मान चिकित्सालय में उपचार हेतु लाया गया,जिनका उपचार चल रहा है। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही घायलों का हाल जानने कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत, ऊधम सिंह नगर जिले के जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा,सीएमओ डॉ के के अग्रवाल आयुष्मान चिकित्सालय पहुंचे। उन्होंने घायलों हाल जाना व उनके परिजनों से वार्ता की।
मंडलायुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने चिकित्साधिकारियों से वार्ता की व कहा घायलों का हर सम्भव उपचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी से भी वार्ता हो गई है तथा मुख्यमंत्री धामी ने भी घटना पर दुःख व्यक्त किया है व उन्होंने कहा यदि किसी घायल को उपचार हेतु उच्च चिकित्सालय भेजना पड़े तो भेजा जाएगा। आयुक्त ने घटना की जांच कराने हेतु जिलाधिकारी को निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को चिकित्सालय में बने रहने के निर्देश दिए तथा घायलों के स्वास्थ्य पर नजर रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सूर्या फैक्ट्री में घटना को देखते हुए राहत बचाव हेतु एनडीआरएफ को भी भेजा गया। इस दौरान काशीपुर नगर निगम महापौर दीपक बाली, एडीएम पंकज उपाध्याय, एसडीएम काशीपुर अभय प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।


