September 26, 2026
IMG_COM_202609262127346720.jpeg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो


जसपुर, 26 सितंबर। उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक हुनर परिषद में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद भाजपा नेता डॉ. यूनुस चौधरी के जसपुर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। लगातार हो रही बारिश के बावजूद भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का उत्साह कम नहीं हुआ। डॉ. यूनुस चौधरी के स्वागत के लिए कार्यकर्ता उनके पहुंचने से पहले ही सड़क पर जुट गए थे और घंटों बारिश के बीच उनके आने का इंतजार करते रहे।


गौरतलब है कि उत्तराखंड सरकार ने राज्य अल्पसंख्यक हुनर परिषद में नई जिम्मेदारियां सौंपते हुए भाजपा नेता डॉ. यूनुस चौधरी को उपाध्यक्ष नियुक्त किया है, जबकि मुफ्ती शामून कासमी को अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद पहली बार जसपुर पहुंचने पर डॉ. यूनुस चौधरी के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।जैसे ही डॉ. यूनुस चौधरी का काफिला जसपुर पहुंचा, कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक नारे लगाकर उनका अभिनंदन किया। समर्थकों में खासा जोश दिखाई दिया और बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।

डॉ. यूनुस चौधरी ने स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लगातार बारिश के बावजूद जिस तरह कार्यकर्ता घंटों उनके स्वागत के लिए सड़क पर खड़े रहे, वह उनके प्रति कार्यकर्ताओं के स्नेह और विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है और वह इसका पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करेंगे।
उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समाज के युवाओं और महिलाओं को हुनर, प्रशिक्षण, स्वरोजगार एवं रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर रहेगा।
आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर डॉ. यूनुस चौधरी ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और आपसी समन्वय के साथ क्षेत्र में सक्रिय रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी जनता तक पहुंचाएं और अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने का कार्य करें।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं समर्थक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *