August 7, 2026
IMG_COM_202604101546056660.jpeg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

काशीपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) सदस्य अनुपम शर्मा ने 8 अगस्त को हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रस्तावित महारैली को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि यह महारैली उत्तराखंड की राजनीति में नया संदेश देने वाली होगी और इसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं आमजन भाग लेंगे।
अनुपम शर्मा ने कहा कि कांग्रेस संगठन बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं से लगातार संपर्क कर रहा है और रैली की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ब्लॉक, नगर और ग्राम स्तर पर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है। महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं, पेपर लीक,युवाओं के भविष्य और महिलाओं की सुरक्षा जैसे विषयों को लेकर पार्टी जनता के बीच जा रही है। 8 अगस्त की महारैली इन्हीं जन सरोकारों को मजबूती से उठाने का मंच बनेगी।
अनुपम शर्मा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों से अधिक से अधिक लोगों को हल्द्वानी लेकर पहुंचें तथा रैली को ऐतिहासिक और सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की एकजुटता और जनता का समर्थन ही प्रदेश में बदलाव का आधार बनेगा।उन्होंने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मौजूदगी में होने वाली यह महारैली संगठन को नई ऊर्जा देगी और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं का मनोबल भी बढ़ाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *