
सूर्या फाउंडेशन आदर्श ग्राम योजना के तत्वावधान में सूर्या रोशनी लिमिटेड, काशीपुर परिसर स्थित स्पोर्ट्स क्लब में 7 दिवसीय व्यक्तित्व विकास शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर में आदर्श ग्राम योजना द्वारा संचालित सूर्या संस्कार केंद्र, सूर्या कंप्यूटर ट्रेनिंग सेंटर एवं सूर्या कॉलोनी के कुल 81 बच्चे प्रतिभाग कर रहे हैं। शिविर का उद्देश्य बच्चों के शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक एवं नैतिक विकास के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन तथा सामाजिक मूल्यों का विकास करना है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सूर्या रोशनी लिमिटेड, काशीपुर के प्लांट हेड श्री शुभम चमोली उपस्थित रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री मेजर स्वतंत्र देव मिश्रा (प्रदेश अध्यक्ष, माध्यमिक शिक्षा संघ एवं प्रधानाचार्य, वी एस वी इंटर कॉलेज), श्रीमती ऋषिका डिमरी (असिस्टेंट मैनेजर, एचआर), सूर्या रोशनी से HOD श्री प्रतोष मिश्रा एवं श्री विकास राघव उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि श्री शुभम चमोली ने बच्चों को संबोधित करते हुए व्यक्तित्व विकास एवं प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि अनुशासन, सकारात्मक व्यवहार, समय प्रबंधन तथा एक्टिव और प्रोएक्टिव सोच जीवन में सफलता प्राप्त करने के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शिविर की प्रत्येक गतिविधि में पूरे मनोयोग एवं उत्साह के साथ भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि श्री मेजर स्वतंत्र देव मिश्रा ने बच्चों को मन लगाकर कार्य करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि समर्पण और निरंतर प्रयास से ही व्यक्ति अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है। उन्होंने बच्चों से शिविर में प्राप्त होने वाले ज्ञान और अनुभव को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया।
उत्तराखंड क्षेत्र प्रमुख हिमांशु ने जानकारी देते हुए बताया कि सात दिनों तक चलने वाले इस शिविर में चित्रकला, मानचित्र निर्माण, आर्ट एंड क्राफ्ट, कबाड़ से जुगाड़, विज्ञान प्रयोग, भाषण प्रतियोगिता, मिट्टी के खिलौने निर्माण, खेलकूद प्रतियोगिताएं एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जो बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होंगी।
कार्यक्रम का संचालन भरत साह द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रतिभागियों को संकल्प एवं प्रतिज्ञा दिलाई गई तथा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।
शिविर के सफल संचालन में प्रियंका, रिद्धि, सिद्धि, हेमा, प्रिया, संध्या, मुस्कान, नेहा, अमनदीप कौर, कविता सैनी सहित अन्य कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।




