June 24, 2026
IMG_COM_202606241618168260.jpeg
सुदर्शन समाचार ब्यूरो

काशीपुर। उत्तराखंड सरकार में पूर्व दर्जा राज्य मंत्री एवं काशीपुर नगर पालिका परिषद के भूतपूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय मुकेश मेहरोत्रा की छठी पुण्यतिथि बुधवार को बाजपुर रोड स्थित उनके प्रतिष्ठान हीरो एंटरप्राइजेज में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, व्यापारियों, राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोगों सहित बड़ी संख्या में नगरवासियों ने पहुंचकर स्वर्गीय मुकेश मेहरोत्रा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जिसमें वक्ताओं ने स्वर्गीय मुकेश मेहरोत्रा के सामाजिक, राजनीतिक एवं जनसेवा से जुड़े योगदानों को याद किया। श्रद्धांजलि सभा के पश्चात जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए खिचड़ी वितरण एवं छबील (शीतल जल सेवा) का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की। इस अवसर पर स्वर्गीय मुकेश मेहरोत्रा के सुपुत्र अर्पित मेहरोत्रा ने अपने पिता को स्मरण करते हुए कहा कि उनके पिता का संपूर्ण जीवन समाज सेवा और जनकल्याण के कार्यों के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय मुकेश मेहरोत्रा हमेशा गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए तत्पर रहते थे तथा समाज के हर वर्ग के लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनते थे। अर्पित मेहरोत्रा ने बताया कि अपने पिता की स्मृति को जीवंत बनाए रखने और उनके सेवा भाव को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से एक फाउंडेशन की स्थापना की गई है। यह फाउंडेशन निर्धन एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यों के लिए समर्पित रहेगा। उन्होंने कहा कि उनके पिता का आशीर्वाद सदैव परिवार एवं समाज पर बना रहे और उनके द्वारा दिखाए गए सेवा के मार्ग पर चलने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अलका पाल ने कहा कि स्वर्गीय मुकेश मेहरोत्रा काशीपुर की आन, बान और शान थे। उन्होंने कहा कि आज उनकी पुण्यतिथि पर हम सभी उनकी स्मृतियों और विचारों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुकेश मेहरोत्रा ने हमेशा आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और जनसेवा का संदेश दिया। समाज के प्रति उनका समर्पण अतुलनीय था और वे हर समय जनहित के कार्यों में सक्रिय रहते थे। अलका पाल ने कहा कि स्वर्गीय मुकेश मेहरोत्रा का व्यक्तित्व अत्यंत सरल, सौम्य एवं मिलनसार था। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में हमेशा आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता दी और समाज के हर वर्ग के लोगों के बीच लोकप्रिय रहे। उनकी अनेक मधुर स्मृतियां आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं और उनका योगदान काशीपुर के इतिहास में सदैव याद किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने स्वर्गीय मुकेश मेहरोत्रा के बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लेते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। श्रद्धांजलि सभा में शहर के अनेक गणमान्य नागरिक, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *