काशीपुर। काशीपुर कल्याण मंच ने आज नगर निगम पहुंचकर किन्नरों के उत्पीड़न से काशीपुर की जनता को राहत दिलाने पर महापौर दीपक बाली का उनके कार्यालय में पहुंचकर आभार व्यक्त कर उनका अभिनंदन किया ।
उल्लेखनीय है कि काशीपुर में शुभ कार्यों पर बधाई का नेग लेने के नाम पर किन्नरों द्वारा लंबे समय से जनता का घोर उत्पीड़न किया जा रहा था। जनता को उनके उत्पीड़न से बचाने हेतु काशीपुर कल्याण मंच पिछले लंबे समय से प्रयासरत है। मंच ने इस संबंध में काशीपुर के महापौर दीपक बाली से भी कई बार वार्ता कर किन्नरों के उत्पीड़न से निजात दिलवाले की मांग की थी और देहरादून नगर निगम की तरह किन्नरों के नेग की धनराशि तय करने की मांग की थी ताकि तय धनराशि से अधिक धनराशि की मांग कर किन्नर काशीपुर की जनता का उत्पीड़न ना कर सकें। महापौर दीपक बाली ने काशीपुर कल्याण मंच को आश्वासन दिया था कि वह इस संबंध में नगर निगम बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव लाकर उसे पास कराएगे। महापौर ने अपना वायदा पूरा किया और विगत 12 जून को बोर्ड बैठक में उन्होंने पार्षदों के सहयोग से सर्व सम्मति से प्रस्ताव पास कराकर किन्नरों की नेग की धनराशि अधिकतम 5100 रु तय कर दी। इससे अधिक धनराशि मांगने या दुर्व्यवहार करने पर किन्नरों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम द्वारा यह प्रस्ताव पास कराए जाने पर काशीपुर कल्याण मंच ने महापौर दीपक बाली और उनके बोर्ड का दिल की गहराइयों से आभार व्यक्त किया और आज उनके कार्यालय में पहुंचकर उनका अभिनंदन कर आभार जताया। किन्नरों के उत्पीडन से निजात दिलाए जाने के संबंध में कई अन्य बिंदु भी मंच द्वारा महापौर के संज्ञान में डाले गए। इस अवसर पर काशीपुर कल्याण मंच के संयोजक अशोक पैगिया संजय चतुर्वेदी कृष्ण कुमार अग्रवाल एडवोकेट आर पी राय एमपी गुप्ता चक्रेश जैन शेष कुमार सितारा राजकुमार यादव ईशान्त अग्रवाल एडवोकेट विमल गुड़िया राघवेंद्र नागर नगर पालिका के पूर्व वायस चेयरमैन कैलाश चंद्र प्रजापति एडवोकेट आदि शामिल रहे। महापौर ने मंच को आश्वासन दिया कि शहर के विकास के हर रचनात्मक कार्य में वह उनके साथ हैं।






