काशीपुर। आज काशीपुर खंड विकास कार्यालय प्रदेश का ऐसा पहला विकास खंड हो गया है जिसने ग्रामीण क्षेत्र में प्लास्टिक कचरा एकत्र करने हेतु आज एक कूड़ा गाड़ी की शुरुआत की जिसे महापौर दीपक बाली और ब्लॉक प्रमुख श्रीमती चंद्र प्रभा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर महापौर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं तथा कार्यक्रम में शामिल होने आए लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। महापौर ने स्वच्छता के क्षेत्र में यह बेहतर कदम उठाने पर खंड विकास कार्यालय परिवार को अपनी शुभकामनाएं भी दी।

उल्लेखनीय है कि उच्च न्यायालय द्वारा जारी निर्देशों में सभी विकास खंडो को ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई हेतु कूड़ा गाड़ी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में काशीपुर खंड विकास कार्यालय ने पूरे प्रदेश में सबसे पहले यह शुरुआत की है और इसमें एक बात और बेहतर है की सफाई हेतु जो कूड़ा गाड़ी लगाई गई है वह स्वयं सहायता समूह संगठन की और से लगाई गई है जिसमें करीब क्षेत्र की ढाई हजार महिलाएं सदस्य हैं। इस समूह के द्वारा यह गाड़ी खरीद कर दी गई है जिसका प्रत्येक माह ₹25000 किराया इस संगठन के खाते में जाएगा और गाड़ी की कीमत पूरी हो जाने के बाद यह समूह इस गाड़ी का मालिक बन जाएगा और उसके बाद जो आय होगी वह समूह की सभी सदस्यों को लाभ के रूप में मिलेगी। खंड विकास अधिकारी कमल किशोर पांडे ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र से प्लास्टिक का कचरा एकत्र करने के बाद उसे जिला पंचायत द्वारा ग्राम शिवलालपुर अमर झंडा में स्थापित कूड़ा संग्रह केंद्र पर डाला जाएगा और उसका रीसाइकलिंग निस्तारण जिला पंचायत द्वारा किया जाएगा। आज इस कूडा गाड़ी के संचालन अवसर पर पूरे खंड विकास कार्यालय परिवार एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के चेहरे पर आयी खुशी देखने लायक थी।

इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को महापौर दीपक बाली द्वारा स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई और स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया।
इस मौके पर , सांसद प्रतिनिधि विजय बॉबी और तीरथ सिंह , बीडीसी सदस्य पंकज मोनू , पूर्व ग्राम प्रधान सरदार महेंद्र सिंह प्रकाश नेगी , मलकीत सिंह , कमलेश कुमार हिंदुस्तान सी एलएफ दभौरा मुस्तकीम की अध्यक्ष निर्मल कौर कोषाध्यक्ष शोभा रानी सचिव अरनामाबी प्रधान हरमन सिंह रवि ढींगरा मलकीत सिंह विर्क जसवीर सिंह सैनी चौधरी समरपाल सिंह समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






