February 7, 2026

अमूमन दूल्हा जब अपनी दुल्हन को ब्याहने जाता है तो बारात लेकर दुल्हन के घर जाता है लेकिन पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश से प्रदेश के गोरखपुर जिले के हरपुर बुदहट क्षेत्र के एक गांव में एक लड़के के निकाह की तैयारी चल रही थी। बारात, दुल्हन के घर जाने को तैयार थी। इस बीच पास ही के गांव की रहने वाली एक लड़की ने डॉयल-112 नंबर पर फोन कर पुलिस से शिकायत की कि लड़का उससे निकाह कर चुका है। आज वह दूसरा निकाह करने जा रहा है। पुलिस ने दूसरी लड़की के शिकायत पर तत्काल कार्यवाही की और मौके पर पहुंच कर लड़के को थाने उठा लाई।

मिली जानकारी के अनुसार हरपुर बुदहट क्षेत्र के एक गांव से संतकबीरनगर जिले में बारात जा रही थी। दूल्हा और बाराती जाने के लिए तैयार थे। तभी पीआरवी, दूल्हे के घर पहुंची। पुलिस ने फोन करने वाली लड़की का हवाला देते हुए दूसरेे निकाह की शिकायत की जानकारी दी और दूल्‍हे काे थाने उठा लाई। लड़केे के थाने पर पहुंचने पर बारात के लोग भी थाने पर पहुंच गए। पुलिस ने शिकायत करने वाली लड़की को भी बुलवाया। हालांकि आमने-सामने की बात में लड़की से निकाह की बात गलत निकली। लड़की ने आरोप लगाया कि शादी का झांसा देकर लड़के ने उससे सम्‍बन्‍ध रखा और उसे अश्‍लील मैसेज भेजता था। वहीं दूसरी तरफ बारात नहीं पहुंचने पर लड़की के घर वाले परेशान हो उठे। पुलिस लड़की की शिकायत पर लड़केे को थाने पर रोककर मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *